प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी में देशवासियों से संवाद करते हुए नशामुक्त भारत, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, नवाचार, किसानों की आय और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने प्रयासों से बदलाव लाने वाले लोगों की सराहना करते हुए नागरिकों से ऐसे प्रयासों में भागीदारी की अपील की।
नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान देशभर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ, खुशहाल और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाना है। उन्होंने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को इसके दुष्परिणाम झेलने पड़ते हैं।
पीएम मोदी ने युवाओं, विद्यार्थियों, संगीतकारों, थिएटर समूहों और कंटेंट क्रिएटर्स से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली रचनात्मक सामग्री तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपने प्रयासों को सोशल मीडिया पर #नशा_मुक्त_युवा के साथ साझा करने की अपील भी की।
हर घर तिरंगा ने बढ़ाया राष्ट्रप्रेम
प्रधानमंत्री ने अगस्त महीने में देशभर में दिखाई देने वाली देशभक्ति की भावना का उल्लेख करते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस बार 8 करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के माध्यम से दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भारतीय तिरंगे को प्रदर्शित किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
महिलाओं को पीएम स्वनिधि से मिल रही नई ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।
उन्होंने गाजियाबाद की बबीता शर्मा और बेंगलुरु की टी.एस. निन्गम्मा के उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह आर्थिक सहायता और मेहनत के जरिए महिलाओं ने अपने छोटे कारोबार का विस्तार किया और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया।
स्वच्छता में जनभागीदारी जरूरी
पीएम मोदी ने कहा कि स्वच्छता तभी स्थायी बदलाव का रूप ले सकती है, जब यह सरकारी अभियान के बजाय लोगों का अपना संकल्प बन जाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर के ‘क्लीन-अप पटवाई’ समूह और अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियानों का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान 400 मीट्रिक टन से अधिक कचरे को एकत्र कर प्रोसेस किया गया और 16 हजार से अधिक यात्रियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
बेटियों की अंतरिक्ष में नई उड़ान
प्रधानमंत्री ने ‘Mission ShaktiSAT’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया के विभिन्न देशों की हजारों बेटियों को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार से जोड़ रहा है। इस मिशन के माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी सीखने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की भागीदारी से तैयार सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इनमें से अनेक छात्राएं भविष्य में विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएंगी।
किसानों के लिए एवोकाडो बनी नई कमाई का जरिया
प्रधानमंत्री ने देश में एवोकाडो की बढ़ती मांग का उल्लेख करते हुए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के किसानों के उदाहरण साझा किए। उन्होंने बताया कि कुछ किसानों ने पारंपरिक फसलों के साथ एवोकाडो की खेती शुरू कर अतिरिक्त आय का रास्ता तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि नई फसलों, वैज्ञानिक सलाह और बेहतर मार्केटिंग के जरिए किसान अपनी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर तलाश सकते हैं।
‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील दोहराई। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना केवल मिट्टी के दीये खरीदने तक सीमित नहीं है, बल्कि घर के लिए सामान खरीदते समय यह देखना भी जरूरी है कि वह भारत में बना हो।
उन्होंने क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े लोगों, इन्फ्लुएंसर्स और सेलिब्रिटीज से भी ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने और लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
