प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के पावन पर्व पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेशों में उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को दिव्यता का साक्षात स्वरूप बताया और कहा कि उनके दिव्य उपदेशों में निहित नि:स्वार्थ कर्म की भावना ने हमेशा मानवता का सही मार्गदर्शन किया है।
पीएम मोदी ने कामना की कि जन्माष्टमी का यह पवित्र अवसर सभी के जीवन में नई सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और शक्ति का संचार करे।
भगवान श्रीकृष्ण को नमन करते हुए उन्होंने प्रसिद्ध सुभाषित भी साझा किया:
“वसुदेवसुतं देवं कंसचाणूरमर्दनम्। देवकीपरमानन्दं कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्॥”
इस श्लोक के माध्यम से उन्होंने वसुदेव और देवकी के पुत्र, कंस-चाणूर जैसे राक्षसों के संहारक और संपूर्ण संसार के गुरु भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा अर्पित की।
